प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बिहार के मोतिहारी में सात हज़ार दो सौ करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। ये परियोजनाएं रेल, सड़क तथा ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों से संबंधित हैं।
इस अवसर पर श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वी भारत के विकास के लिए बिहार का विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में विकास तेज़ी से हो रहा है क्योंकि केंद्र और राज्य सरकारें, दोनों ही राज्य के लिए काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीए सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में बिहार को केवल लगभग दो लाख करोड़ रुपये मिले थे। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार के विकास के लिए यूपीए सरकार से अधिक धनराशि दी है|
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र देश के युवाओं को रोज़गार और नौकरियां प्रदान करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये खर्च करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार के युवाओं को राज्य में ही रोज़गार के ज़्यादा से ज़्यादा अवसर उपलब्ध कराने के लिए काफ़ी काम किया गया है। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों के लिए पक्के मकान मिलना असंभव था। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले ग्यारह वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के लिए चार करोड़ से ज़्यादा मकान बनाए गए, जिनमें से 60 लाख मकान बिहार में बने।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने बिहार की इसी धरती से ऑपरेशन सिंदूर का संकल्प लिया था और आज पूरी दुनिया इसकी सफलता देख रही है। श्री मोदी ने कहा कि बिहार में सामर्थ्य और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज बिहार के संसाधन उसकी प्रगति का माध्यम बन रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों की उपज और आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री-किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक किसानों को लगभग तीन लाख पचास हजार करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कई रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इसमें समस्तीपुर-बछवाड़ा रेल लाइन के बीच स्वचालित सिग्नलिंग, दरभंगा-थलवारा और समस्तीपुर-रामभद्रपुर रेल लाइन का दोहरीकरण शामिल है। श्री मोदी ने क्षेत्र में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए राजेंद्र नगर टर्मिनल, पटना से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली, दरभंगा से लखनऊ और मालदा टाउन से लखनऊ के बीच चार नई अमृत भारत ट्रेनों को भी झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री ने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत बिहार में 61 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को चार सौ करोड़ रुपये भी जारी किए। श्री मोदी ने 12 हजार लाभार्थियों के गृह प्रवेश के एक भाग के रूप में कुछ लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 40 हजार लाभार्थियों को 160 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए।
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के रोजगार पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा।
0 Comments